यमुनानगर। नेशनल हाईवे-344 के करेहड़ा चौक पर फिर हादसा हो गया। यहां देर शाम चाऊमीन खाकर घर जा रहे बाइक सवार युवक की तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांजूपुर निवासी सूरजभान ने बताया कि रविवार की शाम वह करेहड़ा चौक पर बच्चों के लिए चाऊमीन लेने गया था। वहां उसे उनके गांव का ही सुमित (26) भी चाऊमीन खाते हुए मिला। इसके बाद सुमित और वह अपनी-अपनी बाइक पर गांव लौट रहे थे। जब सुमित नेशनल हाईवे-344 में चढ़ने लगा तो तेज रफ्तार टाटा इंडिगो कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुमित बाइक समेत काफी दूर तक घसीटता हुआ चला गया। हादसे में सुमित के सिर व टांग में काफी चोट आई। कार चालक कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन लोगों की भीड़ एकत्रित होता देख आरोपी वहां से कार समेत फरार हो गया। उन्होंने एंबुलेंस की मदद से सुमित को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी प्रदीप कुमार का कहना है कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
ई-रिक्शा और बाइक में भिड़ंत, मां-बेटा घायल
यमुनानगर। बाइक व ई-रिक्शा की टक्कर में बाइक सवार युवक व उसकी मां घायल हो गई। राहगीरों ने मां-बेटे को अस्पताल पहुंचाया। जहां उन्हें उपचार दिया गया। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक दोनों घायलों को अस्पताल छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में घायल युवक की पहचान रामपुर कॉलोनी कंबोमाजरा निवासी नीरज के रूप में हुई। रविवार को नीरज अपनी मां मीना के साथ जठलाना गया था। देर शाम वहां से बाइक पर घर लौट रहा था। जब वे रायपुर कॉलोनी के पास पहुंचे तो सामने से आ रही ई-रिक्शा से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने के बाद नीरज व उसकी मां बाइक समेत नीचे गिरकर घायल हो गए। ई-रिक्शा चालक ने दोनों घायलों को अपनी ई-रिक्शा में बिठाया और अस्पताल पहुंचाया। जहां उन्हें उपचार दिया गया।