यमुनानगर। जिले की अनाज मंडियों में गेहूं की आवक लगातार तेज हो रही है, लेकिन उठान की धीमी रफ्तार ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मंडियों में फसल के ढेर लगने से व्यवस्थाएं चरमराने लगी हैं और कई स्थानों पर जाम जैसे हालात बन रहे हैं। मंडियों से अभी 20 प्रतिशत यानि 8444 एमटी गेहूं का ही उठान हो पाया है।
जिले की विभिन्न अनाज मंडियों में अब तक 71,604.87 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है, जबकि खरीद एजेंसियों द्वारा 41,670 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 7,241.4 मीट्रिक टन, हैफेड ने 25,200 मीट्रिक टन और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 9,228 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा है। विभिन्न मंडियों में भी आवक का दबाव साफ दिखाई दे रहा है। व्यासपुर में 6,897.5 मीट्रिक टन, छछरौली में 2,252.3 मीट्रिक टन, जगाधरी में 7,224 मीट्रिक टन, सरस्वतीनगर में 11,683 मीट्रिक टन और साढौरा में 4,772 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। इसके अलावा रादौर, प्रतापनगर, रसूलपुर और अन्य मंडियों में भी हजारों मीट्रिक टन गेहूं पहुंच चुका है।
सबसे ज्यादा परेशानी सरस्वतीनगर अनाज मंडी में सामने आ रही है, जहां उठान न के बराबर होने से मंडी पूरी तरह से भर चुकी है। मार्केट कमेटी के सचिव अवतार सिंह के अनुसार मंडी में अब तक करीब दो लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है, जबकि तीनों सरकारी एजेंसियों द्वारा 1,13,000 क्विंटल की खरीद की गई है। इसके मुकाबले उठान मात्र 20,000 क्विंटल ही हो पाया है। उठान की धीमी रफ्तार के चलते किसानों को अपनी फसल बेचने में दिक्कतें आ रही हैं। मंडी गेट पर गेट पास कटवाने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। वहीं, साइट बंद रहने के कारण भी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। सोमवार सुबह 11 बजे से साइट बंद रहने से कामकाज ठप रहा। मार्केट कमेटी के चेयरमैन जसविंद्र सैनी ने बताया कि खरीद एजेंसियों के निरीक्षकों और ट्रांसपोर्टरों की बैठक लेकर उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
सरस्वतीनगर अनाज मंडी में बायोमेट्रिक होने का इंतजार करते किसान। किसान