संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान अब सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी रोचक व ज्ञानवर्धक गतिविधियां सीखेंगे। एफएलएन के तहत बच्चों को गृहकार्य दिया गया है, जिसकी नियमित निगरानी भी की जाएगी। अभिभावकों को व्हट्सएप ग्रुप से जोड़कर गतिविधियों की जानकारी साझा की जाएगी। एक माह बाद प्रगति का आकलन किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने 25 मई से विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। जिले की बालवाटिका तीन से पांचवीं तक के विद्यालय में अध्यापक-शिक्षक बैठक करवाई गई। बैठक में अभिभावकों को ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान दिए गतिविधि आधारित गृहकार्य और सीखने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
पीटीएम में शिक्षकों ने अभिभावकों को बताया कि अवकाश के दौरान बच्चों को केवल लिखित कार्य तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि व्यावहारिक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए।
कक्षा-वार गतिविधियों और गृहकार्य की रूपरेखा भी अभिभावकों के साथ साझा की गई। विभाग के अनुसार गतिविधि आधारित गृहकार्य का उद्देश्य बच्चों को दैनिक जीवन के अनुभवों से जोड़ते हुए उनमें जिज्ञासा, रचनात्मकता और स्वावलंबन विकसित करना है। पीटीएम की निगरानी के लिए जिला और खंड स्तर के अधिकारियों ने की। इसे लेकर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अशोक राणा ने विभिन्न विद्यालयों में पीटीएम का दौरा किया। उन्होंने अभिभावकों से बातचीत कर व्यवस्थाओं और सहभागिता की जानकारी ली।
विद्यालय मुखियाओं को पीटीएम के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर क्लस्टर मुखिया के माध्यम से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्कूल प्रबंधन समिति ने अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।