कई दिन से शहर की संत नगर कॉलोनी में आ रहे दूषित पानी की शिकायत लेकर कॉलोनी के लोग एसडीओ से एसई कार्यालय और उसके बाद सचिवालय तक गए। यहां से कॉलोनी के लोगों ने शहर विधायक कार्यालय में भी दौड़ लगाई, लेकिन शाम तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
हालांकि जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों ने मौके का मुआयना जरूर किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। मंगलवार को समस्या के समाधान का आश्वासन देकर अधिकारी टाल मार गए। कॉलोनी के लोग बोतलों में गंदा पानी भर कर हर कार्यालय में अपने साथ भी लेकर गए, ताकि अधिकारियों को हकीकत का पता लगे।
कॉलोनी निवासी अशोक ऑबराय, जसबीर सिंह, पीयूष, पप्पू, धर्मवीर ऑबराय, गोल्डी, अमित, कुलदीप, मोहित, मोनू, शम्मी व अन्नू ने बताया कि दस दिन पहले कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति की पाइप क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे पूरी कॉलोनी में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है।
इसकी शिकायत कई बार अधिकारियों को दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में परेशान होकर लोग सोमवार सुबह जलापूर्ति विभाग के एसडीओ कार्यालय पहुंच गए। यहां पर बोतलों में भरा दूषित पानी एसडीओ को दिखाया। यहां पर एसडीओ ने मौका मुआयना करने का आश्वासन दिया।
मगर उनके आश्वासन से संतुष्ट दशहरा ग्राउंड स्थित एक्सईएन व एसई कार्यालय पहुंच गए। यहां पर भी लोगों ने अधिकारी को दूषित पानी की बोतलें दिखाई। यहां पर अधिकारी ने आश्वासन दिया, लेकिन कॉलोनी के लोग संतुष्ट नहीं हुए। जिसके बाद वे लघु सचिवालय पहुंच गए।
यहां भी अधिकारी से मुलाकात की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में परेशान लोग शहर विधायक घनश्याम दास के कार्यालय में पहुंच गए। विधायक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित एसडीओ व एक्सईएन को मौके पर ही बुला लिया। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द समस्या के समाधान के निर्देश दिए। उसके बाद भी सोमवार को समस्या का समाधान नहीं हुआ।
अधिकारी पहुंचे, फिर भी नहीं हुआ समस्या का समाधान:
लोग शहर विधायक से मिलकर करीब डेढ़ बजे कॉलोनी में पहुंचे। तब तक एसडीओ व एक्सईएन मौका कर चुके थे। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। लोगों ने बताया कि अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि कर्मचारी भेज कर काम करवा देते हैं, लेकिन शाम तक कोई कर्मचारी नहीं आया था।
दो तीन साल से बनी बनी है समस्या:
लोगों ने बताया कि पहले भी कई बार पाइप क्षतिग्रस्त होने की वजह से दूषित पानी की आपूर्ति शुरू हो जाती है। दिक्कत ये है कि यहां की पाइन लाइन करीब पांच दशक पुरानी हो चुकी है। बीते दो तीन साल से समस्या ज्यादा बढ़ गई है और पाइप क्षतिग्रस्त हो जाते हैं।
कर्मचारी भेजे थे, मंगलवार को हो जाएगा समस्या का समाधान:
एसडीओ सुमित गर्ग का कहना है कि उन्होंने खुद मौका किया था, उनके साथ एक्सईएन भी थे। तीन प्वांइट को चिहिंत किया गया है। दोपहर बाद कर्मचारी भेजे गए थे, लेकिन कुछ काम रह गया है। मंगलवार तक काम पूरा हो जाएगा और समस्या का समाधान हो जाएगा।