संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रोफेसर कालोनी में मकान पर कब्जे को लेकर विवाद हो गया। कुछ लोग मकान के ताले तोड़कर अंदर घुस गए। जब चौकीदार ने विरोध किया तो आरोपियों ने उससे मारपीट की और घर का सामान चोरी कर अपनी कारों में भर लिया। शहर थाना पुलिस ने चौकीदार राजकुमार की शिकायत पर चार आरोपियों को नामजद करते हुए पांच-छह अन्य पर केस दर्ज कर लिया है।
प्रोफेसर काॅलोनी निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कॉलोनी के ही गोपाल के मकान नंबर 356 पर चौकीदार है। इस मकान की मलकीयत मुलख राज के नाम थी। मुलखराज ने अपने जीवनकाल में संपत्तियों का निस्तारण कर दिया था। इस मकान पर अब उसके मालिक गोपाल कृष्ण व उनकी पत्नी पूनम गुप्ता काबिज है।
इस मकान को लेकर मुलखराज के अन्य वारिस प्रोफेसर कॉलोनी निवासी विक्रम, दिल्ली निवासी संजय, आंचल आदि ने एक दीवानी दावा अदालत में डाला हुआ है जो कोर्ट में विचाराधीन है। इस दावे की अंतिम याचिका भी खारिज हो चुकी है, जिसके अनुसार विक्रम, संजय व आंचल आदि का इस मकान से कोई लेना देना नहीं है। वह शुक्रवार को किसी काम से बाजार गया हुआ था।
जब वह लौटा तो संजय, विक्रम, आंचल सहित पांच-छह लोग मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे हुए थे। सीसीटीवी कैमरों को ताेड़ दिया था। जब वह बाजार से लौटा तो उसे मकान का ताला टूटा देखा। जब वह अंदर गया तो वहां उसे आरोपी मिले। उसने उनका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और वहां से भगा दिया।
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने घर का काफी सामान लूटकर अपनी कारों में भर लिया। उसने मकान मालिक गोपाल के समधी रमेश वर्मा को इस बारे में बताया। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देकर आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में आरोपी संजय, विक्रम, आंचल को नामजद करते हुए पांच-छह अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।