यमुनानगर। क्षेत्र के बाकरपुर गांव में बारात घर की देख रेख कर रहे चौकीदार को चार युवकों ने पीटकर बेहोश कर दिया। सरपंच व ग्रामीणों ने चौकीदार को अस्पताल में पहुंचाया। जहां उसे उपचार दिया गया। गांव की सरपंच की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपी युवकों पर केस दर्ज कर लिया है।
बाकरपुर सरपंच रिजू ने बताया कि गांव में विभिन्न विकास कार्य चल रहे हैं। इनकी देख रेख के लिए ग्राम पंचायत ने गुलशन कुमार की चौकीदार की ड्यूटी लगाई हुई है। मंगलवार को चौकीदार गुलशन गांव में बारात घर की देख रेख के लिए तैनात था। करीब 12 बजे गांव के ही प्रदीप उर्फ बिल्लू, नरेंद्र, जतिन व वंश वहां पर आए और आते ही चौकीदार गुलशन कुमार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लात-मुक्कों और डंडों से चौकीदार को बुरी तरह पीटा। इससे वह बेहोश हो गया। शोर सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना उसे दी। वह मौके पर पहुंची और चौकीदार को अस्पताल में उपचार दिलाया। सरपंच रिजू ने बताया कि आरोपी दबंग किस्त के व्यक्ति है। जो अक्सर गांव में लड़ाई-झगड़ा करते रहते है। आरोपी आपराधिक मामलों में जेल से जमानत पर बाहर आए हुए है। इन्होंने गांव का माहौल बहुत खराब कर रखा है। बूड़िया थाना प्रभारी जसबीर सिंह का कहना है कि मामले में आरोपी प्रदीप उर्फ बिल्लू, नरेंद्र, जतिन और वंश पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।