- अदालत ने भेजा जेल, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस ने संधाए स्थित पोल्ट्री फार्म से बाजरा चोरी करने के आरोप में चौकीदार व ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने मिलीभगत कर पोल्ट्री फार्म से बाजरे के कट्टों को मिनी ट्रक में लाद कर चोरी किया था। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थाना प्रबंधक राय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव संधाए निवासी राकेश कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह लक्ष्य पोल्ट्री फार्म संधाए में मुंशी के पद पर कार्य करता है। पोल्ट्री फार्म के मालिक ने पोल्ट्री फार्म के अंदर फीड बनाने की मशीन लगाई हुई है। जो मुर्गियों के लिए फीड तैयार करते हैं। पोल्ट्री फार्म के मालिक ने मुर्गियों के लिए फीड तैयार करने के लिए करीब तीस टन बाजरा उत्तर प्रदेश से मंगाया था।
13 अप्रैल को सुबह जब वह पोल्ट्री फार्म पर आया तो उसने देखा तो बाजरे के स्टॉक में से काफी कट्टे कम थे। उसने जब चौकीदार उत्तर प्रदेश के कन्नौज के गांव भाऊ खुर्द निवासी राजू पुत्र राम सेवक को इस बारे पूछा तो वह सही ढंग से नहीं बता सका। उसको शक था कि चौकीदार ने पोल्ट्री फार्म से बाजरे के कट्टे गाड़ी में लोड करवा कर चोरी करवा दिए हैं।
इस सूचना पर मुख्य सिपाही राजीव कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत कार्यवाही करते हुए मुखबरी के आधार पर चौकीदार राजू को शिव चौक बिलासपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ पर चौकीदार राजू ने बताया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बाजरे के कट्टे को मिनी ट्रक में भरकर चोरी करवा दिया था। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बिलासपुर अनाज मंडी से बाजरे के कट्टों से भरे हुए मिनी ट्रक को काबू किया। ट्रक में लदे बाजरे के कट्टों को बरामद किया गया। ट्रक के चालक करनाल के बसंती कॉलोनी कुंजपुरा निवासी सुनील कुमार पुत्र रिशिपाल को गिरफ्तार किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना प्रबंधक राय सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।