संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लास्टिक के सामान के गोदाम में सोमवार दोपहर वेल्डिंग की चिंगारी गिरने से आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की आठ गाड़ियों को चार घंटे लग गए। आग से लाखों रुपये का सामान जल गया।
दमकल कार्यालय से कुछ दूरी पर गायत्री इंटरप्राइजिज नाम से प्लास्टिक के सामान का गोदाम है। मंगलवार दोपहर के समय इस गोदाम में शेड डालने का कार्य किया जा रहा था। शेड लगाने के लिए जब वेल्डिंग की जा रही थी तो उसकी एक चिंगारी प्लास्टिक के सामान पर जा गिरी। इससे आग लग गई।
गोदाम से दोपहर एक बजे प्रवीण नाम का व्यक्ति दमकल कार्यालय पहुंचा और आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलने पर दमकल कर्मचारी मौके पर पहुंचे। एक के बाद एक आठ दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में लग गई। प्लास्टिक में आग लगने से उस पर काबू पाना बहुत मुश्किल था। फिर भी दमकल कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाना शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद लगभग साढ़े चार बजे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। आग लगने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का प्लास्टिक का सामान, कबाड़ व अन्य सामान जलकर राख हो गया। दमकल प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि प्लास्टिक के सामान में आग लगी। वह खुद भी मौके पर पहुंचे थे। आग पर काबू पा लिया है। गोदाम में आग से निपटने के लिए कोई अग्निश्मन यंत्र नहीं था।