हरियाणा को नशा मुक्त बनाने की दिशा में रविवार सुबह जगाधरी का मटका चौक एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बना। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 'नशे से जंग, यमुनानगर के संग' जन-जागरूकता मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन में रिकॉर्ड 1.16 लाख से अधिक लोगों के पंजीकरण ने नशा विरोधी मुहिम को एक बड़े जनआंदोलन का रूप दे दिया।
लोगों की रिकॉर्ड भागीदारी
मैराथन को रवाना करने के बाद मुख्यमंत्री ने धावकों और नागरिकों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। मैराथन के लिए कुल 1,16,451 लोगों ने पंजीकरण कराया (जिसमें 76,411 पुरुष और 38,540 महिलाएं शामिल रहीं)। 5 किलोमीटर श्रेणी में 1,15,183 और 10 किलोमीटर श्रेणी के लिए 1,268 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मैराथन की शुरुआत जगाधरी का प्रसिद्ध मटका चौक से हुई।
नशा पूरे परिवार और समाज को दीमक की तरह चाटता है- CM सैनी
भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को तबाह करता है। राज्य सरकार 'नशा मुक्त हरियाणा' के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस जंग में केवल सरकार नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। युवा खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज यमुनानगर में 'हरियाणा उदय' पहल के तहत युवाओं तक पहुंचने का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। आपने देखा कि हमारे लाखों युवा, उनके माता-पिता, एनजीओ, स्कूल, कॉलेज और सभी बच्चे नशे की इस समस्या के खिलाफ एकजुट हुए और मैराथन के जरिए हरियाणा को इससे मुक्त करने का संकल्प लिया। आज हरियाणा के युवा इस अभियान के खिलाफ जागृत और एकजुट हो गए हैं।
तैयारियों से जगमगा उठा शहर
मैराथन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पिछले कई दिनों से भव्य तैयारियां की जा रही थीं। जगाधरी और यमुनानगर के प्रमुख चौराहों को आकर्षक रोशनी, सजावटी पौधों और नशा विरोधी संदेश वाले पोस्टरों से सजाया गया था। सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा और ट्रैफिक प्रबंधन के पुख्ता इंतजामों के बीच आयोजन शांतिपूर्ण और उत्साहजनक माहौल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख हस्तियां
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, नगर निगम की मेयर सुमन बहमनी, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।