संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को मतदान में कई बुजुर्ग व दिव्यांगजन अन्य मतदाताओं के लिए मिसाल बने। जिन बुजुर्गों व दिव्यांगजनों का चलना भी आसान नहीं था, उन्होंने भी मतदान में गजब का जज्बा दिखाया। ऐसे मतदाताओं में कोई लाठी, डंडे व बैसाखी तो कोई अपने परिजनों के सहारे मतदान केंद्रों पर पहुंचा।
कैंप में 83 वर्षीय भोला दत्त, 80 वर्षीय अतरचंद, 79 वर्षीय खैराती लाल, 77 वर्षीय जोगिंद्र सैनी, 76 वर्षीय रामकिशन, 75 वर्षीय धनपती, 62 वर्षीय मुंशीराम, 60 वर्षीय आशा और बूड़िया में 95 वर्षीय शांति देवी, 72 वर्षीय तीर्थराम, 66 वर्षीय कांता रानी व 60 वर्षीय करतार सिंह मतदान करने पहुंचे।
इनमें अधिकांश को चलने में दिक्कत थी, तब भी यह घर से मतदान के लिए निकले। इनमें कई तो अकेले ही लाठी-बैसाखी या व्हीलचेयर व ई रिक्शा पर मतदान केंद्र पहुंचे तो कई परिजनों का हाथ पकड़कर या कंधे पर हाथ रख पहुंचे। चाहे जो कुछ भी हो मजबूरी, पर मतदान है जरूरी, सभी ने इसी बात पर चल मतदान किया।