संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। गांव टिब्बी अराइयां में टिब्बी क्रिकेट क्लब की ओर से एक जंग नशे के खिलाफ अभियान के तहत क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबला व्यासपुर और पंजलासा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें व्यासपुर ने पंजलासा को सात विकेट से हराकर मैच जीता।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखकर खेलों के प्रति प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ श्यामसुंदर बत्रा ने किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें नशे से बचाने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है।
खेल युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का माध्यम हैं। उन्होंने क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ युवाओं को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। बत्रा ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी नशा मुक्ति और खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर रजत, रजनेश सरपंच टिब्बी, सत प्रकाश, चरनजीत सिंह, अनिल कुमार, विक्रम राठी, अभी वालिया, सुखदेव सिंह, हरीश धीमन, मनीष, रामपाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।