संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नेहरू युवा केंद्र ने दिवाली के अवसर पर मेरे भारत के साथ दिवाली कार्यक्रम के तहत एक विशेष सामुदायिक सेवा अभियान का आयोजन किया। इसमें युवाओं को स्वेच्छा से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला। इस दौरान स्वयंसेवकों ने यातायात संभालने में ट्रैफिक पुलिस की मदद की।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल दिवाली के त्योहार को स्वच्छ और सुरक्षित बनाना ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा भावना का संचार करते हुए युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों में संलग्न करना भी था। कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दीं। इस पहल में सबसे पहले स्थानीय बाजार क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया, जहां नेहरू युवा केंद्र के युवा स्वयंसेवकों ने कूड़ा-कचरा इकट्ठा किया।
इसके माध्यम से दिवाली का पर्व साफ-सुथरे और स्वस्थ वातावरण में मनाने का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम की एक अन्य विशेष पहल के तहत नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों को यमुनानगर के जिला नागरिक अस्पताल में सहायक के रूप में तैनात किया गया। युवाओं ने अस्पताल के स्टाफ के साथ मिलकर मरीजों की देखभाल में सहयोग दिया और अस्पताल के दैनिक कार्यों में सहायता की। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋतु भटनागर ने स्वयंसेवकों की तैनाती, गतिविधियों की योजनाओं की जानकारी दी।