प्रतापनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मंडल बनियावाला की ओर से शहजादवाला स्थित शिव मंदिर में विजयदशमी उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश और दंड के साथ पथ संचलन में भाग लिया।
पथ संचलन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकता और संगठन के प्रति समर्पण का संदेश दिया। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला जगाधरी के जिला संघचालक डॉ. रमेश धारीवाल ने अपने संबोधन में संगठन की शक्ति, राष्ट्र प्रथम की भावना और समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में सामाजिक एकता, अनुशासन और सेवा भाव की महत्वपूर्ण भूमिका है। समाज को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने स्वयंसेवकों को सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासित ढंग से भाग लिया और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संकल्प दोहराया। विजयदशमी उत्सव का उद्देश्य समाज में राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक एकजुटता और सेवा भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ भागीदारी की।