रादौर। बापौली गांव में रविवार को ग्राम देवता खेड़े का वार्षिकोत्सव श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। हवन के बाद ढोल ताशे के साथ पूरे गांव की परिक्रमा की गई। इस दौरान ग्रामीण ग्राम देवता के जयघोष करते हुए पवित्र जल लेकर निकले।
वार्षिकोत्सव को लेकर ग्रामीण कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए थे। ग्राम देवता के परिसर को भव्य तरीके से सजाया गया था। दो दिन से पंडित दीपक शर्मा की देखरेख में पूजा-पाठ का आयोजन किया जा रहा था। रविवार को श्रद्धालुओं ने ग्राम देवता खेड़े को पवित्र जल से स्नान करवाकर पूजा-अर्चना की और मन्नतें मांगीं।
इसके बाद हवन का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने सभी के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा। इस मौके पर सरपंच रोहित शर्मा, राजीव रिंकू सांगवान, कृष्ण पाल सांगवान, रवि मलिक, राजन मलिक, बलदेव मलिक, लाभ सिंह, सुनील मलिक मौजूद रहे।