गांव पोटली के पास रिसाव रोकने के लिए मिट्टी के कट्टे भरते मजदूर।
- फोटो : Yamuna Nagar
जठलाना। गांव पोटली के समीप शनिवार को गंदे पानी की डिच ड्रेन में रिसाव हो गया। इससे डिच ड्रेन का पानी साथ लगते किसानों के खेतों में जाने लगा। जैसे ही इसकी सूचना ग्रामीणों व किसानों को लगी तो उनमें खलबली मच गई। उन्होंने इसकी सूचना सिंचाई विभाग को दी। इस पर विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मिट्टी के कट्टों से मजदूरों ने रिसाव बंद करने का कार्य किया। तब किसानों व ग्रामीणों ने राहत महसूस की।
विभाग के जेई सौरभ ने बताया कि गंदे पानी की निकासी के लिए नहर के समीप से डिच ड्रेन का निर्माण कराया गया है। इसमें केमिकल युक्त व अन्य गंदा पानी निकलता है। इसी ड्रेन के साथ किसानों के खेत भी लगते हैं, जिसमें इस समय धान की फसल लगी है। कई जगह किसानों ने डिच ड्रेन की पटरी को काट खेत में मिला लिया। इस कारण पटरी बिल्कुल पतली हो गई है। यही कारण है कि समय समय पर ड्रेन में रिसाव हो जाता है। अगर विभाग के कर्मचारी किसानों को रोकने का प्रयास करते हैं तो झगड़े की स्थिति बन जाती है। अब इसको लेकर अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत जहां-जहां पटरी को काटा गया है, वहां पर मिट्टी लगाने का कार्य किया जाएगा, ताकि दोबारा इस प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।