संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे बताने व बेचने वालों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए लोगों को जागरूक करने के प्रयास में पुलिस ने कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। गांव सारण में नशे की बढ़ती समस्या को खत्म करने के उद्देश्य से एक विशेष महापंचायत की गई। महापंचायत में ग्रामीणों ने एक साथ मिलकर नशे के खिलाफ सहयोग देने का संकल्प लिया। इस दौरान थाना छप्पर प्रभारी प्रमोद वालिया ने लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे बताया।
थाना प्रभारी प्रमोद वालिया ने बताया कि ग्रामीणों की पहल से नशे को गांव से खत्म किया जा सकता है। गांव स्तर पर यदि लोग एकजुट होकर प्रयास करें तो नशे को जड़ से मिटाया जा सकता है। पुलिस पूरी तरह से ग्रामीणों के साथ है और हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा। महापंचायत में युवाओं ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। गांव की महिलाओं ने सहयोग देने का आश्वासन दिया।
महापंचायत में लोगों ने कहा कि गांव में यदि कोई नशा बेचता या नशा करता मिला, तो पहले उसे समझाया जाएगा। यदि वह नहीं मानता है तो उसके विरुद्ध पुलिस कार्रवाई की जाएगी।