संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। खंड के गांव ढलौर स्थित सुखनगरी कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में जन स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीण शिव कुमार कौशिक, तेजपाल, मनोज कुमार, शीलत, रेखा, बबली, सपना, रिंपी और माया ने बताया कि कॉलोनी में करीब पांच दर्जन परिवार रहते हैं। यहां पेयजल की आपूर्ति चाहड़वाला स्थित जन स्वास्थ्य विभाग के नलकूप से होती है, लेकिन लंबे समय से पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है।
इसके अलावा पानी की आपूर्ति का कोई निर्धारित समय भी नहीं है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की कमी के कारण उन्हें पीने के पानी के लिए खेतों में लगे निजी नलकूपों पर निर्भर होना पड़ रहा है। कई परिवारों को प्रतिदिन दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है।
पानी की समस्या के चलते घरेलू कार्यों के साथ-साथ पशुओं के लिए भी पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। गर्मी के मौसम में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार जन स्वास्थ्य विभाग और उपमंडल प्रशासन को लिखित एवं मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ जफर इकबाल का कहना है कि इस दिशा में काम किया जा रहा है। गांव में जल्द ही आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।