संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। राजकीय महाविद्यालय अहड़वाला में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) समिति के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय, छछरौली के विद्यार्थी विक्रमजीत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय छछरौली की छात्रा कोमल ने प्रथम स्थान हासिल किया। शिविर में स्वयंसेवकों को मेरे भारत के लिए युवा और डिजिटल साक्षरता की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अंग्रेजी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. मनीषा तथा रसायन शास्त्र विभाग की प्राध्यापिका पूजा शर्मा रहीं।
प्राचार्या डॉ. सर्वजीत कौर ने कहा कि यदि किसी देश को आर्थिक, सामाजिक, तकनीकी तथा सुरक्षा के क्षेत्रों में सशक्त और महाशक्ति बनना है, तो उसे स्वदेशी मंत्र को अपनाना ही होगा। उपप्राचार्य डॉ. रमेश धारीवाल ने विद्यार्थियों को बताया कि स्वदेशी आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण अध्याय रहा है और आज के समय में भी स्वदेशी को अपना कर ही देश को सुदृढ़ बनाया जा सकता है।
मुख्य वक्ता डॉ. मनीषा ने स्वदेशी का महत्व स्पष्ट करते हुए कहा कि स्वदेशी का अर्थ अपने देश में निर्मित वस्तुओं का प्रयोग कर देश को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास करना है। वहीं दूसरी मुख्य वक्ता पूजा शर्मा ने ऊर्जा का सकारात्मक प्रयोग विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी योग्यताओं को पहचान कर सकारात्मक ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग करना चाहिए।