संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। क्षेत्र की सड़कों पर पर व ट्रैक्टर-ट्रालियां बिना नंबर प्लेट के सरपट दौड़ रहे। ऐसे में हादसा होने इनकी पहचान कर पकड़ना बहुत मुश्किल हो जाता है। इनमें से अधिकतर मिट्टी, रेत, बजरी जैसी खनन सामग्री भरे होते हैं।
स्थानीय निवासी सोनू शर्मा, रोहित व सौरभ ने बताया कि खनन सामग्री से भरे इन वाहनों में से अधिकतर के न तो आगे और ही पीछे की तरफ नंबर प्लेट होती है। रामनिवास व सतपाल ने बताया कि ये बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था, बिना रिफलेक्टरर्स, बिना कोई लाल रंग की सचेत करने वाली झंडी लगाए सड़कों पर दौड़ते हैं।
यही नहीं अगर जांच की जाए तो इनके अधिकतर चालकों के पास न तो वैध ड्राइविंग लाइसेंस और न ही इनके वाहनों के पर्याप्त कागजात मिलेंगे। अधिकतर ट्रैक्टर-ट्रालियों के द्वारा तो किसानों की आड़ में व्यावसायिक काम किए जा रहे हैं। आरोप है कि प्रशासन जांच के नाम पर दोपहिया या कार चालकों को तो परेशान करता है।
राह चलते लोगों की जान के लिए खतरा बने इन वाहनों की जांच का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि जांच करके ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बिना नंबर प्लेट वाहन चालकों से सख्ती से निपटा जाएगा।