यमुनानगर। पशुओं में फैल रहे लंपी वायरस की रोकथाम के लिए विभाग ने शनिवार को टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया। टीकाकरण केवल उन्हीं पशुओं का होगा जो पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उनमें लंपी बीमारी से संबंधित कोई लक्षण नहीं हैं। पशुपालन विभाग को फिलहाल टीकाकरण के लिए पांच हजार डोज ही मिली हैं। उधर, लंपी बीमारी और अधिक पांव न पसारे इसके लिए जिला प्रशासन ने दूसरे राज्यों व जिलों से पशुओं की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने इसके लिए जिले में धारा 144 लागू कर दी। शहर में नगर निगम की तरफ से गोशालाओं में फॉगिंग कराई जा रही है।
कई पशुओं की हालत गंभीर
लंपी बीमारी की चपेट में अब तक जिले के 9500 से अधिक पशु आ चुके हैं। इनमें से कई काफी गंभीर हैं। बीमारी से ग्रस्त पशुओं ने चारा खाना भी छोड़ रखा है। माना जा रहा है जो पशु चारा खाना छोड़ रहे हैं, उनकी मौत की संभावना बढ़ जाती है। पशुपालन विभाग अब तक लंपी वायरस से 30 पशुओं के मौत की पुष्टि कर रहा है, जबकि पशुपालक और गोशाला संचालक इससे मौत का आंकड़ा कहीं ज्यादा मान रहे हैं। टीकाकरण 18 पशु चिकित्सकों व 32 वीएलडीए की देखरेख में लगाया जाएगा।
पुलिस वाहनों की करेगी चेकिंग
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने आदेश जारी करते हुए कहा कि हरियाणा में पशुओं में लंपी त्वचा बीमारी का प्रकोप दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। जिस कारण कुछ पशुओं की मृत्यु हो रही है। इस बीमारी का अन्य पशुओं में फैलने से इंकार नहीं किया जा सकता। इसके लिए अन्य राज्यों से यमुनानगर तथा एक जिला से दूसरे जिले में पशुओं के आवागमन तथा पशु मेला लगाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
गोशाला में मर रहे गोवंश
साढौरा। श्री श्याम गोशाला में करीब 300 गोवंश लंपी वायरस से ग्रसित हैं। रोजाना एक गोवंश की मौत होने से गोशाला के महंत शोभादास व्यथित हैं। उन्होंने बताया कि गोशाला में अभी तक 15 दुधारू व गर्भवती गायों की मौत हो चुकी है। गोवंश को बचाने के लिए नियमित तौर पर कपूर, लोहान, गूगल, नीम के पतों व कई अन्य औषधियों का धुआं किया जा रहा है। लंपी वायरस से पीड़ित गोवंश को डेटॉल और फिटकरी के पानी से नहलाने के अलावा लेप लगाया जा रहा हैं। राजकीय पशु चिकित्सालय के वेटनरी सर्जन डॉ. कुलदीप नियमित तौर पर गोवंश की जांच करके दवाएं भी दे रहे हैं, लेकिन वायरस की विकरालता के समक्ष उनके प्रयास नाकाफी सिद्ध हो रहे हैं।
टीकाकरण शुरू कर दिया है : डॉ. सतबीर
पशुपालन विभाग के एसडीओ डॉ. सतबीर का कहना है कि लंपी वायरस से पशुओं को बचाने के लिए टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है। केवल स्वस्थ पशुओं को ही टीका लगाया जाएगा ताकि वह बीमारी की चपेट में न आएं। इसके लिए प्रत्येक पशु को नई सीरींज व सूई से टीका लगाया जाएगा। विभाग से टीकाकरण की पांच हजार डोज मिली है।