यमुनानगर। सिविल अस्पताल यमुनानगर में तैनात एक चिकित्सक के साथ एक व्यक्ति ने अभद्रता की। व्यक्ति ने डॉक्टर की वीडियो बनाने का प्रयास किया। जिसे लेकर हंगामा खड़ा हो गया। चिकित्सक ने पुलिस चौकी में इसकी शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल अस्पताल यमुनानगर में तैनात डॉ. वरुण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इमरजेंसी में मेडिकल ऑफिसर के पद पर तैनात है। मंगलवार को वह कमरा नंबर चार में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे।
उसी समय मॉडल टाउन निवासी चिराग वहां पर आया और वीडियो बनाने लगा। जब वीडियो बनाने से रोका तो उसने अभद्रता शुरू कर दी। जिससे इमरजेंसी का माहौल खराब हो गया और मरीजों को भी खासा परेशानी हुई। डॉ वरुण की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ शहर थाना यमुनानगर नरेंद्र सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद