यमुनानगर। बूड़िया में रंजिश के चलते कुछ लोगों ने चाचा-भतीजे पर ईंटों व पत्थर से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
बूड़िया निवासी गुलजार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पड़ोसी राशिद उनसे रंजिश रखता है। वह और उसका भाई वसीम अपनी दुकान के बाहर खड़े थे। तभी आरोपी राशिद ने अपने परिवार के सदस्यों नासिर, सोयब, आरिफ, नोनी, साईना, साहिल, सलमान व अन्य के साथ मिलकर उन पर ईंटें व पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। शोर सुनकर उसका चाचा नौशेर भी वहां आ गया। आरोपियों ने ईंटों से हमला कर उसके भाई वसीम व चाचा नौशेर का घायल कर दिया।
मारपीट की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उसने अपने चाचा व भाई को अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने उसके चाचा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।