संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डंकी रूट से अमेरिका पहुंचने वाले 119 और भारतीयों को डिपोर्ट किया गया है। डिपोर्ट हुए भारतीयों में यमुनानगर के भी दो युवक शामिल हैं। इनमें एक युवक अमन साढौरा थाना क्षेत्र के मिल्क झबालियां गांव का रहने वाला है। दूसरा युवक जगाधरी सदर थाना क्षेत्र के गांव पंजेटों का रहने वाला है। दोनों को अंबाला पुलिस लाइन में संबंधित थाने भेजा गया। वहां से दोनों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
अमेरिका ने शनिवार को 119 भारतीयों को डिपोर्ट किया था। इनमें यमुनानगर के दो युवक है। साढौरा क्षेत्र के मिल्क झबालियां निवासी 21 वर्षीय अमन एक जुलाई को भारत से वेस्ट अफ्रीका में पहुंचा था। वहां दो माह रहने के बाद वह पनामा और महासागर पार करते हुए अमेरिका पहुचा था। जैसे ही अमेरिका पहुंचा तो सेना ने पकड़ लिया।
इसके बाद 20 दिन तक जेल में रखने के बाद उसे वापस भारत छोड़ा गया है। रविवार को वह अपने घर पर वापस पहुंच गया है। जहां पर परिजनों ने मिलकर वह भावुक हो गया। दूसरी ओर जगाधरी सदर थाना क्षेत्र के पंजेटों निवासी 24 वर्षीय अनुज स्टडी वीजा पर 26 मई को दिल्ली एयरपोर्ट से इंग्लैंड गया था। जहां पर कुछ दिन रुकने के बाद वह डंकी रुट से अमेरिका पहुंचा था।
पहुंचते ही सेना ने पकड़ कर वापस भारत भेज दिया है। अनुज के पिता बिजली विभाग में हरियाणा कौशल रोजगार निगम में चालक के पद पर तैनात हैं। अनुज भी देर शाम को अपने घर पर पहुंच गया है। एसएचओ सदर जगाधरी तरसेम सिंह ने बताया कि अनुज को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। वह उसे लेकर अपने घर पर पहुंच गए हैं।