दो युवकों ने 15 वर्षीय किशोरी का कार में अपहरण करके उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने उसे कोई नशीला पदार्थ पिलाया था। किशोरी बेहोशी की हालत में गांव के श्मशान घाट के पास पड़ी मिली। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में थाना बिलासपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसके पास 15 साल की बेटी है। 11 अगस्त की शाम वह बेटी को अपनी बहन के पास गांव शेरगढ़ में छोड़कर दूध लेने के लिए स्वाबड़ी माजरी डेयरी पर गई थी। वह करीब एक घंटे बाद बहन के पास गई तो वहां पर उसकी बेटी नहीं थी। उसने अपनी बहन से पूछा तो उसने बताया कि बेटी तो वहां से चली गई थी। वह उसे तलाशते हुए घर पहुंची तो वह वहां पर भी नहीं थी। पड़ोस में भी उसके बारे में किसी को कुछ पता नहीं था। वह बेटी को तलाशते हुए पास के ही श्मशान घाट की तरफ गई तो देखा कि बेटी वहां पर बेहोशी की हालत में पड़ी है। वह उसे उठाकर घर ले आई। होश में आने पर बेटी ने उसे बताया कि गांव शेरगढ़ का नन्हा व बीरू उसे अपनी कार में जबरदस्ती बिठा कर ले गए थे। उन्होंने कार में ही उसके साथ गलत काम किया और उसे घर के पास ही छोड़कर चले गए। उन्होंने उसे बेहोशी वाला कोई पदार्थ पिलाया हुआ था। जिस कारण वह बेहोशी की हालात में पड़ी रही।