Two youths found in the bathroom of the bus station, one dead
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। बस स्टैंड परिसर में बने सार्वजनिक शौचालयों में सोमवार की देर शाम को जोर-जोर से आवाजें आने लगीं। आवाज सुनकर बस स्टैंड के चौकीदार रविन्द्र ने जाकर देखा तो दो युवक एक ही बाथरूम में बंद मिले। उन्होंने अंदर से कुंडी लगा रखी थी। घटना उस समय की है, जब यहां पर तैनात रोडवेज कर्मी ड्यूटी खत्म कर जा चुके थे और चौकीदार ड्यूटी पर था। चौकीदार ने इसकी सूचना अड्डा इंचार्ज शमशेर सिंह को दी। अड्डा इंचार्ज तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस की टीम बस अड्डे में पहुंची और बाथरूम का लॉक खोलकर अंदर से दोनों युवकों को बाहर निकाला। वे दोनों अर्ध बेहोशी की हालत में थे। जिसमें एक युवक की जेब से एक आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसमें उसका नाम मुकेश, गांव ददवान, जिला कैथल पाया गया। उसकी हालत गंभीर होने के चलते उसे सरकारी अस्पताल में लाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे युवक को पुलिस थाने में ले जाया गया।
जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मृतक की जेब से नशे के इंजेक्शन बरामद हुए हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इस युवक ने नशे की ओवरडोज ले ली। इसके चलते उसकी मौत हो गई। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकता है। उन्होंने बताया कि इसका दूसरा साथी भी गांव ढांड जिला कैथल का है। उसने भी नशा किया हुआ है। अभी दूसरा युवक भी सही से बयान देने की हालत में नहीं है। उससे बातचीत की जा रही है। इनके पास से एक बुलेट बाइक भी मिली है, जो बस अड्डा परिसर में ही खड़ी थी। जिसे कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।