यमुनानगर। महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि महिला थाना प्रभारी शीलावती के पास जिले की रहने वाली एक युवती ने शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने बताया था कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वह चंडीगढ़ में नौकरी करने लगी थी, जहां उसकी मुलाकात एक जिम ट्रेनर के माध्यम से आरोपी जसविंद्र सिंह से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हो गई। जसविंदर सिंह ने उसे शादी का झांसा देकर नशीला पदार्थ खिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जब भी वह शादी की बात करती, आरोपी उसे टालता रहा। पीड़िता ने यह बात अपने परिजनों को बताई, जिन्होंने आरोपी के परिवार से बात की, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला। इसी दौरान आरोपी ने किसी अन्य युवती से संबंध बना लिए और उससे शादी करने की योजना बनाने लगा। वहीं, जिम ट्रेनर के माध्यम से पीड़िता की मुलाकात दूसरे आरोपी किरणजीत सिंह से करवाई गई। आरोप है कि किरणजीत ने भी शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। बाद में आरोपी ने उसे गोलियां देकर गर्भपात करवा दिया। पीड़िता के अनुसार, वह बाद में अपने घर जगाधरी लौट आई, जहां उसके परिजनों ने उसका रिश्ता कहीं और तय कर दिया। लेकिन जब इस बात का पता जसविंद्र सिंह को चला, तो उसने पीड़िता की अश्लील फोटो उसके मंगेतर को भेज दी, जिससे उसका रिश्ता टूट गया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उप निरीक्षक मुकेश कुमारी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जिला मोहाली के गांव त्रिपड़ी निवासी जसविंद्र सिंह और पंजाब के जिला रूप नगर के गांव भैंस निवासी किरणजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। संवाद