साढौरा। कोटला गांव में बीती रात को तीन चोरों ने श्री दुर्गा माता मंदिर के तीन दानपात्रों के ताले तोड़कर उनमें रखी नकदी चोरी कर ली। चोरी के बाद दो चोर तो मौके से फरार होने में सफल रहे। जबकि उनका एक साथी भागने के चक्कर में दीवार से छलांग लगाने के बाद नाले में गिरकर घायल हो गया। जिसे मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काबू करके पुलिस के हवाले कर दिया।
मंदिर कमेटी के प्रबंधक नवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि देर रात को अज्ञात ने मंदिर परिसर में पुजारी राम किशोर के कमरे का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। इसकी आवाज सुनकर पुजारी ने दरवाजा खोलने के बजाय फोन करके ग्रामीणों को इस बारे में सूचित कर दिया।
ग्रामीणों के आने की आवाज सुनकर यह लोग भागने लगे। इनमें से दो भागने में सफल रहे। जबकि उनका एक साथी ने भागने के चक्कर में दीवार से छलांग लगाई तो दूसरी तरफ मौजूद नाले में गिरकर घायल हो गया।
पीछा कर रहे ग्रामीणों ने उसे दबोच कर इस बारे में डायल 112 की पुलिस को सूचित किया। ग्रामीणों की जांच में मंदिर में रखे तीन दानपात्रों के ताले टूटे हुए तथा उनमें रखी दान की राशि गायब पाई गई।ग्रामीणों को मौके से बिना नंबर की एक बाइक व बैग में रखे औजार भी मिले। एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि पकड़े गए चोर की पहचान बिलासपुर के गुरमीत के तौर पर हुई है। उसकी मेडिकल जांच करवाने के बाद अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा।
रिमांड के दौरान उसके साथियों की पहचान के अलावा चोरी की गई रकम की बरामदगी की जाएगी। इसके अलावा अन्य वारदातों में भी उनकी संलिप्तता बारे जांच की जाएगी। इससे पहले मंगलवार रात को एसएचओ निवास के पास प्राचीन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर के तीन दानपात्रों से नकदी चोरी की वारदात हो चुकी है। यहां मौजूद दानपात्रों के ताले मौके पर ही तोड़ने में असफल रहने पर चोर इन भारी भरकम दान पात्रों को ही उठाकर ले गए थे।
सुबह इनमें से दो दानपात्र तो शिवालिक स्कूल के पास खेत में खाली मिले थे। जबकि तीसरे दानपात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका है। इसी रात को चोरों ने शामपुर मार्ग स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के दानपात्रों को तोड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास किया।
चोरों ने यहां दानपात्रों के ताले तो तोड़ लिए लेकिन मंदिर प्रबंधक कमेटी द्वारा देर रात को ही दानपात्रों से नकदी निकाल लिए जाने की वजह से चोरों के हाथ कुछ नहीं लग सका। मंदिर प्रबंधकों को उम्मीद है कि कोटला में पकड़े गए चोर गिरोह के रिमांड के दौरान उनके मंदिरों की चोरी का भी पता चल जाएगा।