यमुनानगर। एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने नाकाबंदी के दौरान चोरी की बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने यह बाइक साढौरा रेस्ट हाउस के नजदीक से चोरी की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सेल के इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक चोरी की बाइक लेकर बाडी माजरा की तरफ से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम गठित कर मौके पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी गई। कुछ देर बाद बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की और बाइक के दस्तावेज की जांच की। जांच में बाइक चोरी की निकली।
विज्ञापन
पूछताछ में आरोपियों की पहचान गांव दयालगढ़ निवासी मनोज उर्फ विनोद और अमर विहार कॉलोनी निवासी श्रीकांत गुप्ता के रूप में हुई। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह बाइक नौ अगस्त को साढौरा रेस्ट हाउस के नजदीक से चोरी की थी।
पुलिस ने बाइक बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इंचार्ज ने बताया कि आरोपी मनोज उर्फ विनोद के खिलाफ पहले भी हत्या का मामला दर्ज है, जबकि श्रीकांत गुप्ता के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है। दोनों मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।