संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। गांव रपौली में कृषि भूमि की विरासत दर्ज करवाने के दौरान धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसके पिता का जमीन में हिस्सा हड़पने की साजिश रची गई। थाना रादौर पुलिस ने शिकायत के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव रपौली निवासी हीरा लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दादा ज्योति राम के नाम गांव में 18 कनाल 16 मरले कृषि भूमि थी। उसके दादा ज्योति राम और दादी प्रकाशो देवी का निधन हो चुका है। पिता रामजी लाल का निधन 14 नवंबर 1991 को हुआ था। आरोपियों ने आपसी मिलीभगत कर उसके पिता के हिस्से को हड़पने की साजिश रची।
साजिश के तहत चार मार्च 2022 को तहसीलदार रादौर के पास ज्योति राम की विरासत का इंतकाल दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया। इसमें पिता रामजी लाल का नाम जानबूझकर वारिसों की सूची से हटा दिया गया। जस्सी राम के नौ वारिस होने के बावजूद आवेदन में आठ वारिस ही दर्शाए गए।
आरोप है कि राजकुमार ने गलत तथ्यों और फर्जी दस्तावेज के आधार पर इंतकाल अपने नाम दर्ज करवा लिया। वहीं गांव के नंबरदार बलदेव सिंह ने भी इंतकाल की कार्रवाई के दौरान आठ वारिस होने की तस्दीक कर दी, जबकि उसे सभी वारिसों की जानकारी थी। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
थाना प्रभारी राजेश राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर राजकुमार, ऋषिपाल, सतीश कुमार, रामचंद्र, माया रानी, अमरो देवी, परमजीत कौर, रोशनी देवी, चंद्रशेखर, राजेश कुमार, किरण, रेखा रानी, राज रानी, मीना देवी और बलदेव सिंह नंबरदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर जांच कर रही है।