यमुनानगर। अपराध शाखा-2 की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6 किलो 430 ग्राम अफीम बरामद कर दो तस्करों और अफीम के खरीदार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार जिला यमुनानगर में इतनी बड़ी मात्रा में अफीम बरामद होने का यह पहला मामला बताया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से आरोपियों को सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि अपराध शाखा-2 प्रभारी राकेश कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि लाल रंग की कार में सवार कुछ लोग नशीला पदार्थ लेकर कैल बाईपास से गुजरने वाले हैं। टीम ने नाकाबंदी कर कार को काबू कर लिया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाकर कार की तलाशी ली गई। इसमें सवार नेपाल के जिला बरदियाबहरी निवासी कमल बहादुर के बैग से 3 किलो 280 ग्राम व उत्तराखंड के मोरी निवासी राजेश रावत के बैग से 3 किलो 150 ग्राम अफीम बरामद हुई।
दोनों से पूछताछ में सामने आया कि अफीम कुरुक्षेत्र के पेहोवा निवासी यशपाल उर्फ रवि को देनी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यशपाल को भी गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से नशे की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि अफीम कहां से लाई जाती थी।संवाद