कनाडा में वर्क वीजा लगवाने की एवज पर दो व्यक्तियों ने पीरूवाला निवासी मंजीत से साढ़े दस लाख रुपये ठग लिए। मंजीत यह वर्क वीजा अपने दामाद पटियाला निवासी गुरदीप सिंह का लगवाना चाहता था, लेकिन आरोपियों ने उसका कनाडा का वर्क वीजा नहीं लगवाया। परेशान मंजीत ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। बिलासपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में गांव पीरूवाला निवासी मंजीत ने बताया कि उसका दामाद गुरदीप सिंह पटियाला का रहने वाला है। वह पिछले काफी समय से रोजगार के लिए विदेश में जाने के लिए अवसर की तलाश कर रहा है। दामाद को रोजगार के लिए कनाडा भेजने के लिए उसने अपने परिचित गांव मिल्कसुखी निवासी अमरजीत सिंह से बात की। अमरदीप सिंह ने कहा कि वह कई व्यक्तियों को जानता है जो लोगों को विदेश भेजने व रोजगार दिलाने का काम करते हैं। वर्ष 2018 में अमरदीप ने गांव भूरा माजरा निवासी ऋषि पाल व छोटू से उनकी मुलाकात कराई। दोनों ने कहा कि उन्होंने कई लोगों को विदेश भेज रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। वे उसके दामाद को भी विदेश भेजकर अच्छा रोजगार दिला देंगे। दोनों आरोपियों ने विदेश भेजने के नाम पर 10 लाख 50 हजार का खर्च प्रति व्यक्ति देने की बात कही। इसके बाद उनके दामाद को कनाडा का वर्क वीजा लगवा कर भेज दिया जाएगा। 17 सितंबर 2018 को उन्होंने अपनी जमीन बेच कर रुपयों का प्रबंध किया। अक्टूबर माह के आखिरी सप्ताह में दोनों आरोपियों को रुपये का इंतजाम होने की बात कही। इसके पश्चात दोनों आरोपी उनके घर पर आए और उनसे दस लाख 50 हजार रुपये, पासपोर्ट व अन्य कागजात लेकर चले गए। दोनों ने आगामी दो-तीन माह में उसके दामाद को कनाडा का वीजा लगवा रोजगार की बात भी कही। काफी समय बीत जाने के बाद जब दोबारा दोनों आरोपियों से अपने दामाद को कनाडा भेजने की बात की तो उन्होंने कोविड-19 महामारी का बहाना बनाकर बात को टाल दिया। इसके बाद जब हालात सामान्य हुए तो उन्होंने उनसे दोबारा बात करने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी उन्हें टालने लगे। जिस पर उसका बेटा व दामाद ने आरोपियों से पैसा वापस करने के लिए कहा तो दोनों उनके साथ गाली गलौज करने लगे। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और झूठा मुकदमे में फंसाने की बात कही। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
बिलासपुर थाना प्रभारी बलबीर सिंह का कहना है कि महिला की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।