मुखर्जी पार्क में चिकनगुनिया ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। यहां वीरवार को दूसरे दिन चिकनगुनिया के दो केस मिले। इन दो मरीजों में 30 वर्षीय महिला व 40 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिला मलेरिया विभाग की टीम ने मुखर्जी पार्क में दौरा किया। हालांकि दोनों मरीजों की हालत स्थिर है। स्वास्थ्यकर्मियों ने दोनों मरीजों के परिजनों के भी खून के सैंपल लेते हुए वहां फॉगिंग कराने को कहा है।
मुखर्जी पार्क में बुधवार को भी चिकनगुनिया का एक केस मिला था। ऐसे में वहां पर विशेष रूप से मच्छरों के लारवा की जांच के लिए टीम को भेजा गया है। ब्रीडिंग चेकर वहां घर-घर जाकर घरों में रखे गमलों, फ्रिज के पीछे लगी वेस्ट पानी की ट्रे और घरों की छतों पर रखे सामान की जांच करेगी। राहत की बात यह है कि डेंगू दो दिन से कंट्रोल में है। मंगलवार को डेंगू के एक साथ पांच केस मिले थे। डेंगू की रोकथाम को लेकर मलेरिया विभाग की तरफ से लगातार सैंपलिंग की जा रही है। मई माह से अब तक संदिग्ध मरीजों के 860 सैंपल लिए जा चुके हैं। वहीं शहरी क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में जागरूकता कैंप भी लगाए जा रहे हैं। जहां पंफलेट बांट कर लोगों को डेंगू व चिकनगुनिया बीमारी की रोकथाम के लिए किए जाने वाले उपायों के बारे में लोगों को जानकारी दी जा रही है।
डिप्टी सिविल सर्जन एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुशीला सैनी ने बताया कि वीरवार को चिकनगुनिया के दो नए केस मिले हैं। यह दोनों केस मुखर्जी पार्क में मिले हैं। इसलिए वहां पर टीम भेज कर मच्छरों के लारवा की जांच कराई जा रही है। साथ नगर निगम अधिकारियों को वहां फॉगिंग कराने को कहा गया है।