संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। यात्रियों की मांग को देखते हुए रोडवेज ने यमुनानगर बस स्टैंड से चंडीगढ़ के लिए दो नई एसी बस चलाई हैं। यह बस यमुनानगर बस स्टैंड से सुबह 6:50 बजे और दोपहर बाद 3:30 बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगी। अब चंडीगढ़ के लिए एसी बसों की कुल संख्या चार हो गई है।
एसी बसों में बढ़ोतरी होने से यात्रियों को काफी फायदा होगा। खासकर व्यापार से जुड़े कारोबारियों को। व्यापारियों को रोजाना अपने काम के सिलसिले में चंडीगढ़ जाना होता है। यमुनानगर से अंबाला, पंचकूला, चंडीगढ़ जाने जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा रहती है। लोगों को अपने व्यापार, नौकरी, हाई कोर्ट के अलावा पंजाब भी जाना होता है।
जिले से बड़ी संख्या में विद्यार्थी चंडीगढ़ में पढ़ाई करने के लिए रोजाना आना-जाना करते हैं। यमुनानगर बस स्टैंड से चंडीगढ़ बस स्टैंड की दूरी 105 किलोमीटर है। इस सफर में करीब सवा दो घंटे का समय लगता है। गर्मी में इतना लंबा सफर करने में यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
काफी समय से यात्रियों द्वारा रूट पर एसी बसों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग की जा रही थी। अब गर्मी हो या सर्दी चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को एसी बस में सफर करने में परेशानी नहीं होगी।हमीदा के संदीप कुमार व गुलाब नगर राजीव ने बताया कि वह अपने काम के सिलसिले में अक्सर चंडीगढ़ जाते रहे हैं।
महीने में उनके औसतन 10 से 15 चक्कर चंडीगढ़ के लिए लग जाते हैं। पहले एसी वाली जो बसें चल रही थी उनमें बहुत ज्यादा भीड़ रहती है। इसलिए बसों की संख्या में बढ़ोतरी करने की मांग की गई थी। अब दो बसें और चलने से काफी राहत मिली है।
चंडीगढ़ के लिए एसी बसों की संख्या बढ़ाई गई है। दो नई बसें चलने से इनकी संख्या अब चार हो गई है। भविष्य में भी कई रूटों पर एसी बस चलाने की योजना है। - संजय रावल, महाप्रबंधक, यमुनानगर रोडवेज।