मुकंद लाल सिविल अस्पताल परिसर में बने ट्रामा सेंटर में शुक्रवार को जमकर लात, घूसे व लोहे की रॉड चली। लोहे की रॉड लगने से हमीदा का एक युवक बुरी तरह से घायल हो गया। जबकि दूसरे पक्ष से गांधी नगर में रहने वाली महिला व उसका बेटा भी घायल हो गए। आरोप है कि हमीदा का रहने वाला युवक उनकी शादीशुदा बेटी को वीरवार रात घर से भगा ले गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में रात को झगड़ा हुआ था। युवक व उसकी प्रेमिका ट्रामा सेंटर में अपना मेडिकल कराने के लिए पहुंचे थे। तभी वहां पर लड़की पक्ष के लोग भी पहुंच गए। परिजनों ने युवती को भी बुरी तरह से पीटा। मारपीट होने से ट्रामा सेंटर में अफरा तफरी का माहौल बन गया। स्टाफ ने मरीजों के वार्ड की तरफ जाने वाले गेट को बंद कर दिया। वहीं डॉक्टरों ने भी अपने केबिन के अंदर से दरवाजे बंद कर लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक पर हमला करने वाले एक आरोपी को पकड़ लिया। वहीं घायलों का उपचार ट्रामा सेंटर में ही चल रहा है।
पुलिस के अनुसार महिला कुछ समय से गांधी नगर क्षेत्र में अपने मायके में रह रही थी। उसके पास दो बच्चे भी हैं। महिला का हमीदा के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक शुक्रवार रात महिला को उसके घर से भगा ले गया था। इसका पता महिला के परिजनों को लगा तो वह उसकी तलाश में निकले। उन्हें सूचना मिली कि युवक उनकी बेटी को लेकर जगाधरी में एक होटल के सामने लेकर गया है। जिस पर महिला के परिजन वहां पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि वहां पर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। इस पर युवक व प्रेमिका अपनी शिकायत लेकर थाने में पहुंचे। पुलिस ने उन्हें अपना मेडिकल कराने को कहा। दोनों शुक्रवार दोपहर ट्रामा सेंटर में अपना मेडिकल कराने आए थे। तभी वहां पर महिला के परिजन भी पहुंच गए। जहां पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। महिला के प्रेमी को लोहे की रॉड से बुरी तरह से पीटा गया। युवक के साथ आए उसके साथी पर महिला के परिजनों पर हमला करने का आरोप है। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के साथी को हिरासत में ले लिया। परिजनों ने जब महिला को ट्रामा सेंटर में देखा तो उसके साथ भी मारपीट की। मारपीट की सूचना पाते ही सिविल अस्पताल पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई राम प्रसाद टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की। वहीं महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से घर से गई थी।
ट्रामा सेंटर में लगे सीसीटीवी एक बार फिर शोपीस साबित हुए। ट्रामा सेंटर के अंदर हुए इस हमले की छानबीन करने के लिए पुलिस वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के लिए पहुंची। सीसीटीवी की डीवीआर पर जो एलईडी लगी थी वह चल ही नहीं रही थी। फिर बाजार से बैटरी मंगवा कर रिमोर्ट में डाली गई। किसी तरह एलईडी चली तो पता चला कि डीवीआर में सुबह आठ बजे के बाद की फुटेज ही नहीं थी। इसके पीछे डॉक्टरों की तरफ से तर्क दिया गया कि कोई तकनीकी फाल्ट आने के कारण सीसीटीवी नहीं चलें होंगे।
थाना शहर यमुनानगर के एसआई भूप सिंह का कहना है कि ट्रामा सेंटर में हमला होने की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एक युवक को हिरासत में लिया गया है। वहीं जो घायल हैं वह मेडिकल करवा रहे हैं। जो भी शिकायत आएगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं महिला की मां का कहना है कि हमीदा का युवक उसकी शादीशुदा बेटी को भगा ले गया था। वह रात को उसे लेने गए तो युवक ने कार से टक्कर मार कर उसे मारने का प्रयास किया। टक्कर लगने से वह घायल हो गई थी। वह परिजनों के साथ मेडिकल कराने ट्रामा सेंटर आई थी। तभी आरोपी युवक ने अपने साथियों के साथ उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।