संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिले के दूसरे चरण की प्रक्रिया के तहत अभी विद्यार्थियों की ट्रेड भरी जा रही है। शेड्यूल के अनुसार विद्यार्थियों के पास ट्रेड चुनने के लिए अंतिम दो दिन है।
इसके बाद तीसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें विद्यार्थियों को वरीयता सूची में सीट आवंटित की जाएंगी। वहीं, अभी तक आईटीआई में दाखिले के लिए सोमवार को भी विद्यार्थी जिले के सबसे बड़े एवं नोडल राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पहुंचे। दाखिला के लिए अब तक कुल 6,933 विद्यार्थियों ने अपनी पसंद की ट्रेड भर दी है।
सोमवार को नोडल आईटीआई में दाखिला लेने के लिए कुल 932 विद्यार्थियों ने ट्रेड भरी। शनिवार तक आवेदन की संख्या कुल 6,001 थी। वहीं, अंतिम दो दिन में यह संख्या 8,000 तक होने की संभावना है। ऐसे में इस बार भी आईटीआई की वरीयता सूची में मेरिट 100 के पार चली जाएगी। बता दें कि नोडल आईटीआई में सबसे ज्यादा 32 ट्रेड हैं और इसकी 61 यूनिट संचालित की जा रही हैं। सभी ट्रेड्स में कुल 1,348 सीटें हैं। इसके लिए लगभग 6,933 विद्यार्थी आवेदन कर चुके हैं।
सबसे ज्यादा इलेक्ट्रीशियन ड्यूल में 947 ने आवेदन किया है। वहीं, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट के लिए 842 विद्यार्थी पसंद भर चुके हैं।फिटर के लिए 683, वायरमैन के लिए 489, वेल्उर के लिए 345, मैकेनिक (मोटर वाहन) के लिए 334 और मशीनिस्ट के लिए 316 विद्यार्थियों ने अपनी पसंद भरी है। सबसे कम आवेदन जीईओ इंर्फोमेटिक्स असिस्टेंड में हैं।
आईटीआई में ट्रेड भरने की प्रक्रिया चल रही है, यह 15 जुलाई तक चलेगी। अब तक करीब 7,000 विद्यार्थी अपनी पसंद भर चुके हैं। ट्रेड भरने के बाद कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएगी। कट ऑफ का शेड्यूल अभी आना बाकी है। - भूपेंद्र सिंह सांगवान, प्राचार्य नोडल आईटीआई।