यमुनानगर। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में वीरवार को केवल दो शिकायतें ही प्राप्त हुईं। दोनों शिकायतों का मौके पर निपटारा नहीं हो सका। शिकायतों कोसंबंधित विभाग के अधिकारियों को भेज दिया गया।
शिविर में यमुनानगर निवासी जगपाल सिंह ने अवैध कब्जा हटवाने संबंधी शिकायत दर्ज कराई। वहीं ईशम सिंह ने बिजली के पिछले बिलों के जुड़ने से संबंधित समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। जिला राजस्व अधिकारी (डीआरओ) तरुण सहोता ने शिकायतों को सुनने के बाद संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
शिविर की अध्यक्षता कर रहे जिला राजस्व अधिकारी सहोता ने कहा कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक प्रार्थी की समस्या का मौके पर ही समाधान करने का भरसक प्रयास किया जाए। यदि किसी शिकायत के निपटान के लिए दस्तावेजों की जांच या अन्य औपचारिक प्रक्रियाओं की आवश्यकता हो तो उसका भी समयबद्ध तरीके से शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।