यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के ताजकपुर मोड पर कुछ युवकों ने दो भाईयों को सरियों व डंडों से पीटकर घायल कर दिया। एक भाई का उपचार पीजीआई तो दूसरे का सिविल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को नामजद करते हुए पांच अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शंभू कॉलोनी पांसरा निवासी गौरव कुमार ने बताया कि वह पंजाब के लुधियाना में काम करता है। 24 अक्तूबर को उसके भाई अशुल व शंभू कॉलोनी के सौरभ की ताजकपुर मोड पर किसी बात को लेकर बहस हो गई। तब आरोपी सौरभ ने अपने साथ अनुज, अंकुर, राज कुमार, हिमांशू,राहुल, मोनू व अन्य के साथ मिलकर सरियों व डंडों से उसके भाई के साथ मारपीट की। मारपीट की सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचा। उसने अपने भाई को आरोपियों से छुड़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उससे भी मारपीट की। आसपास के लोगों को जमा होता देख आरोप उन्हें धमकी देकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसके भाई को पीजीआई रेफर किया गया। जबकि उसे अस्पताल में ही उपचार दिया गया। पीजीआई में उसके भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले में आरोपी सौरभ, अनुज, अंकुर, राजकुमार, हिमांशू, राहुल व मोनू को नामजद करते हुए पांच अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।