संवाद न्यूज एजेंसी
साढ़ौरा। क्षेत्र के एक गांव निवासी दो भाइयों पर 11वीं कक्षा की छात्रा से छेड़खानी करने, उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर अश्लील संदेश भेजने और संबंध बनाने का दबाव बनाने का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों भाइयों पर केस दर्ज कर लिया है।
एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी निजी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती है। आरोप है कि उनके गांव का ही अनुज छह सात माह पहले स्कूल से आते जाते समय उसकी बेटी से छेड़खानी करता था। इसके आरोपी अपनी इंस्टाग्राम आईडी से उसकी बेटी की आईडी पर कई प्रकार के अश्लील संदेश भेजता रहा। बेटी मानसिक रूप से परेशान है।
आरोपी अनुज के बाद उसके भाई जितेश ने भी उसकी बेटी की इंस्टाग्राम आईडी पर अश्लील संदेश भेजने शुरू कर दिए। दोनों भाईयों की इन हरकतों से तंग आकर उसकी बेटी ने पूरी बात अपनी मां को बताई। जिसके बाद वह आरोपियों के घर गया और उनके परिजनों से बात की। तब उनके परिजनों ने भविष्य में ऐसा न होने का उन्हें आश्वासन दिया।
इसके बावजूद 17 सितंबर की शाम को जब उसकी बेटी घर से बाहर निकली तो आरोपी अनुज ने उसकी बेटी को पकड़ लिया और उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। उसकी बेटी बड़ी मुश्किल से आरोपी के चंगुल से बचकर घर आई और उन्हें आपबीती सुनाई। इस बारे में जब उन्होंने आरोपी के परिजनों से बातचीत की तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार का कहना है कि आरोपी अनुज व जितेश पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।