यमुनानगर। थाना शहर जगाधरी क्षेत्र की एक महिला ने अपने दो देवरों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि दोनों आरोपी व उसके ससुराल पक्ष के लोग लड़कियों को शादी का झांसा देकर बेचने का धंधा करते है। आरोपियों ने उसकी भी हत्या करने के प्रयास किया है। शहर थाना पुलिस ने दोनों आरोपी देवरों समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों पर केस दर्ज किया है।
महिला ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2021 में दिल्ली के नजफगढ़ की एक कॉलोनी में हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ माह बाद ही उसे छोटी छोटी बातों को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि शादी के बाद उसका पति उसे एक बार भी मायके लेकर नहीं आया। उसे घर पर ही कैद करके रखा जाने लगा। आरोप है कि उसके देवर जोगिंदर व सूरज शुरू से उस पर गलत नजर रखते थे। आरोपियों ने कई बार उसके कमरे में घुसकर उससे दुष्कर्म किया। विरोध करने पर चाकू व पिस्तौल दिखाकर मारने की धमकी दी। आरोपी उसकी छोटी बहन पर भी बुरी नजर रखते है। जब उसने यह बात अपने पति व ससुराल पक्ष के अन्य लोगों को बताई तो आरोपियों ने उससे मारपीट की और एक कमरे में बंद कर दिया। किसी तरह वह वहां से बचकर अपने मायके पहुंची और इसकी शिकायत पुलिस को दी। शहर जगाधरी पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके दोनों देवरों, पति, सास व ननदों समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों पर केस दर्ज किया है।