संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कैथल से हरिद्वार स्नान करने के लिए निकले बाइक सवार दो भाइयों को सहारनपुर-कुरुक्षेत्र मार्ग पर गांव खंडवा के समीप पिकअप गाड़ी ने चपेट में ले लिया। हादसे में देवेंद्र सिंह (32) व अजयपाल (35) की मौत हो गई। मूल रूप से राजस्थान के जिला धौलपुर के गांव चिलागौर के रहने वाले दोनों भाई कुछ दिन से कैथल के एक मकान में टाइल्स लगाने का काम कर रहे थे।
राजस्थान के जिला धौलपुर के गांव चिलागौर निवासी राजू ने पुलिस को बताया कि उनके भाई देवेंद्र (32) व अजयपाल (35) मकानों में टाइल्स लगाने का काम करते थे। कुछ दिनों से कैथल में एक मकान में टाइल्स लगाने का काम ले रखा था। सहारनपुर में भी एक मकान में टाइल्स लगाने का काम मिला था, जिसे देखने के साथ देवेंद्र व अजयपाल ने हरिद्वार में गंगा स्नान करने की सोची थी।
दोनों सोमवार देर शाम बाइक पर कैथल से निकले थे। इस बीच सहारनपुर-कुरुक्षेत्र मार्ग पर गांव खंडवा समीप सामने से गलत दिशा में पिकअप गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। इसमें देवेंद्र की मौके पर मौत हो गई और अजयपाल को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान सोमवार देर रात अजयपाल ने दम तोड़ दिया। थाना सदर यमुनानगर प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मौके पर पिकअप छोड़ कर भागे चालक पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पिकअप पुलिस के कब्जे में हैं। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।