संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चोपड़ा गार्डन निवासी मनोज से मकान बेचने के नाम पर आरोपी दंपती ने बयाने के रूप में ढाई लाख रुपये लेकर हड़प लिए। आरोपी दंपती ने उसके साथ 26 लाख 35 हजार रुपये में मकान बेचने का सौदा तय किया था। पुलिस ने मामले में आरोपी दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोपड़ा गार्डन निवासी मनोज कुमार ने गांधी नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ साल पहले उसकी मुलाकात फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी नवनीत कुमार से हुई थी। आरोपी नवनीत कुमार ने 12 जून 2020 को उसके साथ 26 लाख 35 हजार रुपये में अपना मकान बेचने का सौदा तय किया था। इकरारनामा होने के बाद उसने 12 जून 2020 को ही आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी के अकाउंट में मकान के बयाने के रूप में ढाई लाख रुपये जमा करवा दिए।
रजिस्टरी की तारीख 10 अक्टूबर 2020 निर्धारित की गई। आरोपियों ने तय समय में मकान की रजिस्टरी उसके नाम नहीं करवाई। जब उसने इस बारे आरोपियों से बात की तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उसने जब जांच की तो पता चला कि आरोपियों ने मकान की रजिस्टरी गिरवी रखकर बैंक से लोन लिया हुआ है। पता चलने पर उसने आरोपियों से बयाने के रूप में दिए अपने ढाई लाख रुपये वापस मांगे।
इस पर आरोपियों ने रुपये वापस देने से मना कर दिया और उसके साथ गाली गलौज करने लगे। दोबारा पैसे मांगने पर आरोपियों ने झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी। जांच अधिकारी सुरजन सिंह का कहना है कि आरोपी दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।