संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बैंक से नकदी निकालकर घर जा रही महिला से 40 हजार रुपए छीनने के दो आरोपियों को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय की अदालत ने दोषी करार दिया है। दोषियों को 26 सितंबर को सजा सुनाई जाएगी।
तेजली निवासी संतोष देवी ने 7 मार्च 2019 को पुलिस को शिकायत दी थी कि उसने एसबीआई से 35 हजार रुपए निकाले और उसे अपने बैग में रख लिया। बैग में पांच हजार और उसका मोबाइल फोन भी था। इसके बाद वह ऑटो में बैठ गई। घर के समीप पहुंचकर वह ऑटो से उतरी। तभी पीछे से बाइक सवार तीन युवक और उसके हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गोबिंदपुरी निवासी कृष्णा और अजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से पांच हजार रुपए और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली थी।