संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में डेंगू के दो नए केस मिले हैं। इनमें 61 वर्षीय बुजुर्ग मीना मित्तल वृद्ध आश्रम वाली गली बूड़िया चौक से तथा दूसरा केस 48 वर्षीय वीना पुराना हमीदा से है। इसी के साथ ही जिले में डेंगू के कुल केस की संख्या 24 हो गई है।
दोनों केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इनके घरों व आसपास फॉगिंग कराई गई। दोनों मरीजों की हालत स्थिर है। विभाग की तरफ से उनका उपचार कराया जा रहा है। वहीं मंगलवार को जांच के दौरान 82 जगह डेंगू मच्छर का लारवा मिला। साथ ही डेंगू की जांच के लिए 110 लोगों के सैंपल लिए गए।
दोनों महिलाओं को कई दिनों से बुखार आ रहा था। दवा लेने पर भी आराम नहीं हो रहा था। इस पर स्वास्थ्य विभाग की लैब में दोनों के रक्त के नमूनों की जांच की गई। रिपोर्ट में दोनों को डेंगू होने की पुष्टि हुई। इसके बाद विभाग की टीम उनके घर पर भेजी गई। दोनों का उपचार करने के अलावा घरों में लारवा की जांच की गई। दोनों घरों में लारवा भी मिला। वहीं आसपास की गलियों में भी फॉगिंग की गई।
सप्ताह में एक दिन मनाएं ड्राई डे : डॉ. सुशीला
जिला मलेरिया अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. सुशीला सैनी ने बताया कि डेंगू के दो केस मिले हैं। अब जिले में डेंगू के कुल केस की संख्या 24 हो गई है। जहां पर डेंगू मिलता है वहां पर फॉगिंग करवाई गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सप्ताह में एक दिन घरों व दुकानों पर ड्राई डे जरूर मनाए। इस दौरान गमलों, पुराने बर्तनों व टायरों के अलावा फ्रिज के पीछे लगी पानी की ट्रे को खाली जरूर करें ताकि उसमें मच्छरों का लारवा न पनप सके।