यमुनानगर। महिला थाना पुलिस टीम ने किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नाबालिग को नशीला पदार्थ देकर होटल में दुष्कर्म किया था। पुलिस ने पॉस्को सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी शिलावंती ने बताया कि थाना सदर यमुनानगर की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी 16 वर्षीय बेटी को अगस्त 2023 में आरोपियों ने नशीला पदार्थ पिलाकर होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया था। किसी को बताने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित नाबालिग की मां की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए उप निरीक्षक सुषमा रानी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक अन्य आरोपी शशि कुमार ने भी करीब एक साल पहले उसका यौनशोषण किया था। पुलिस टीम ने पीड़िता के बयान पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शशि कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। संवाद