यमुनानगर। ऑस्ट्रेलिया का वर्क परमिट और वीजा दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में आर्थिक अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्लोबल इंफोटेक कंपनी के संचालक पंजाब के मोहाली जिले के खरड़ निवासी प्रदीप और अजय कुमार को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
गांधीनगर थाना पुलिस को दी शिकायत में लवली बंसल ने बताया था कि रमनदीप कौर खुद को ग्लोबल इंफोटेक की प्रोपराइटर बताती थी। उसने दावा किया कि उनकी कंपनी की ऑस्ट्रेलिया की बड़ी कंपनियों में हिस्सेदारी है और वहां कामगारों की जरूरत है। वर्क परमिट और वीजा के लिए 18 से 20 लाख रुपये खर्च होने की बात कहकर शिकायतकर्ता को झांसे में लिया गया। इसके बाद मेडिकल, प्रोसेसिंग फीस और अन्य खर्चों के नाम पर करीब 20 लाख रुपये वसूल किए गए।
शिकायत के अनुसार रमनदीप कौर और तरनप्रीत सिंह लोगों को अपनी कार में मेडिकल कराने के लिए जीरकपुर भी ले गए। कंपनी के कार्यालय में विदेश जाने के इच्छुक लोगों की भीड़ रहती थी, जिससे लोगों को भरोसा हो गया। जून के पहले सप्ताह में आरोपियों ने लेपटॉप पर वीजा दिखाया और बाद में व्हाट्सएप पर उसकी कॉपी भेज दी। संवाद