संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साइबर क्राइम थाना पुलिस को सफलता हाथ लगी है। बैंक अधिकारी बनाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गैंग का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों दिल्ली में बैठकर ऑनलाइन ठगी का गिरोह चला रहे थे।
बीते दो अक्तूबर को मुंडा माजरा निवासी मनजीत कुमार ने साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। मनजीत का कहना था कि उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले खुद को बैंक का अधिकारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड के बारे में जानकारी दी। साथ ही क्रेडिट कार्ड बनवाने को कहा। झांसे में आकर मनजीत ने कार्ड बनवाने की बात कही।
इसके लिए ऑनलाइन फीस के नाम पर 1499 रुपये फोन-पे पर सेंड कर दिए। इसके बाद उससे अलग-अलग बार करीब 65 हजार 881 रुपये लिए गए और क्रेडिट कार्ड नहीं दिया। जब उसने सख्ती से क्रेडिट कार्ड के बारे में बात की तो आरोपियों ने नंबर बंद कर लिया। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
जांच में सामने आया था कि जिस नंबर से बात हो रही थी वह दिल्ली में चल रहा है। टीम तुरंत ही दिल्ली पहुुंची। पुलिस टीम ने दिल्ली से दो युवकों माधव और भरत को गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ साइबर क्राइम थाना रविकांत ने बताया कि बैंक के कर्मचारी बनकर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।