गांव कलेसरा में 20 दिनों से पीने के पानी के ट्यूबवेल का बोर फेल होने से गांव में पानी का संकट गहरा गया है। ऐसे में लोगों को भयंकर गर्मी में पीने के पानी के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों से की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से पेयजल समस्या के जल्द समाधान की मांग की है।
गांव कलेसरा निवासी निर्मल सिंह, बलवंत सिंह, बाबू, नवजोत, धर्मपाल आदि ने बताया कि उनके गांव में 600 से अधिक लोग रहते हैं। गांव में पीने के पानी के लिए केवल एक ट्यूबवेल लगा हुआ है। जिसका बोर लगभग 20 दिन पहले फेल हो गया था। इससे अब घरों में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीण खेतों में दूर दूर लगे ट्यूबवेलों से बर्तनों में पानी भरकर ला रहे हैं। उन्होंने जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों से जल्द नये ट्यूबवेल के बोर की व्यवस्था कराने की मांग की है।
वर्जन
गांव कलेसरा में पीने के पानी के ट्यूबवेल का बोर फेल होने के बाद विभाग की ओर से नया बोर करवाने को लेकर प्रस्ताव अधिकारियों के पास भेजा गया है। जिसके बाद हेड ऑफिस से बजट मिलते ही गांव में बोर करवा दिया जाएगा। गांव में अस्थाई तौर पर ट्यूबवेल में मोटर डाली गई है। जिससे पानी की सप्लाई गांव में की जा सके। 10 से 15 दिनों तक नया बोर करवाया दिया जाएगा। रवि नायक, एसडीओ, पब्लिक हेल्थ