संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में खैर की लकड़ी से लदा ट्रक जब्त किया गया है। ट्रक को पकड़ने के लिए वन रक्षकों व पुलिस ने काफी दूर तक तस्करों का पीछा किया। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। गिरोह के दो शातिरों पर थाना व्यासपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा ट्रक गांव जाटावाला की ओर से आरक्षित, सुरक्षित व वन्य प्राणी विहार के जंगलों से कुछ दिन पहले अवैध रूप से खैर की लकड़ी की कटाई की गई है। इस लकड़ी को लेकर ट्रक व्यासपुर-साढौरा से होते हुए पंजाब में बेचने के लिए निकलेगा। सूचना मिलते ही वन रक्षक इंचार्ज दादूपुर बीट योगेश कुमार, थाना व्यासपुर पुलिस, वन रक्षक संदीप सिंह, वन्य प्राणी विहार कलेसर की टीम ने निगरानी शुरू कर दी।
इस दौरान एक सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार में कुछ लोग ट्रक की रेकी करते हुए साथ-साथ चल रहे थे। टीम को देखकर ट्रक और कार के चालकों ने तेज गति से वाहन भगा दिए। लगातार पीछा करते हुए साढौरा से कालाआम रोड पर हिमालयन कॉलेज के पास पुलिस नाके पर ट्रक को काबू कर लिया गया। स्विफ्ट कार में सवार आरोपी कार सहित मौके से फरार हो गए। वन रक्षक योगेश कुमार और संदीप सिंह ने भागते हुए आरोपियों की पहचान गांव जाटावाला निवासी नूर मोहम्मद उर्फ काला व रकीब उर्फ भूरा के तौर पर की। इसके बाद जब्त ट्रक को अनाज मंडी लाकर उसमें लोड खैर की लकड़ी उतारी गई। जांच में ट्रक से खैर की लकड़ी के 460 पीस बरामद हुए।
इसके अतिरिक्त करीब पांच क्विंटल लकड़ी का बालन भी मिला। यह लकड़ी ताहरपुर आरक्षित वन, गोहराबनी सुरक्षित वन क्षेत्र, खोल फतेहगढ़ सुरक्षित वन क्षेत्र, जाटावाला, सालेहपुर, साढौरा रेंज तथा वन्य प्राणी विहार कलेसर के मेहरनीवाला, डारपुर, टिब्बरिया, चिक्कन, खिल्लावाला जंगल क्षेत्रों से खैर के पेड़ों की चोरी से कटाई की गई थी।
पुलिस ने नूर मोहम्मद व रकीब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि ट्रक व लकड़ी को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों और स्विफ्ट कार में सवार अन्य व्यक्तियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही हैं।