संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। खंड प्रतापनगर में बुधवार की देर रात रेत बजरी से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर कलेसर के जंगल में घुस गया। पेड़ों से टकराने के बाद ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक के अंदर भरी बजरी चालक सीट तक पहुंच गई। इससे चालक बजरी के नीचे दब गया, जिसे राहगीरों की मदद से बमुश्किल बाहर निकाला गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है अंबाला का धनौरा निवासी रमजान हिमाचल से ट्राले में बजरी भरकर ला रहा था। ट्रक कलेसर जंगल के नजदीक पहुंच कर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। वहीं राहगीर मुंशाद अली, शमशेर अली, संदीप कुमार, विशाल व अभिषेक ने बताया कि कलेसर जंगल के बीच से गुजर रही सड़क संकरी है। ऐसे में कई बार ओवर स्पीड वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
थाना प्रभारी प्रतापनगर सचिन कुमार ने बताया कि कलेसर जंगल में सड़क किनारे बजरी से भरा एक ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे धंस गया। ट्रक में धनौरा अंबाला निवासी रमजान हिमाचल से बजरी भरकर लाया था। दुर्घटना में चालक को चोटें आई हैं। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।