संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल जगाधरी एक नवंबर को सुबह आठ बजे से फुटबॉल खिलाड़ियों के ट्रायल लिए जाएंगे। इंडिया खेलो फुटबॉल (आईकेएफ) और नरेंद्र थापा अकादमी की ओर से आयोजित ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों के लिए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल), आई-लीग और अंतरराष्ट्रीय क्लबों तक पहुंचने का रास्ता खुल सकता है।
अकादमी के निदेशक नरेन थापा छेत्री ने बताया कि कई युवा खिलाड़ियों में अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता होती है, लेकिन उचित मंच और मार्गदर्शन नहीं मिलने के कारण वे आगे नहीं बढ़ पाते। ट्रायल में अपने खेल से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय फाइनल मुकाबलों में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा। वहां उनकी प्रतिभा को देश के बड़े फुटबॉल क्लबों और विदेशी क्लबों के प्रतिभा खोजकर्ताओं के सामने परखने का मौका मिलेगा।
लड़के और लड़कियां दोनों करा सकते हैं पंजीकरण
ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। लड़के और लड़कियां इसमें भाग लेने के लिए अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। खिलाड़ियों को एक नवंबर को सुबह आठ बजे संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल पहुंचना होगा। इच्छुक खिलाड़ियों के लिए यह अपनी खेल क्षमता साबित करने और फुटबॉल में आगे बढ़ने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर हो सकता है।